हमीरपुर में शराबी पिता की हैवानियत: 7 साल की मासूम की बेरहमी से पिटाई, हालत गंभीर

हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली क्षेत्र के सिजनौडा गांव में एक शराबी पिता की क्रूरता का शर्मनाक मामला सामने आया है। नशे में धुत पिता ने पहले पत्नी और अपने बुजुर्ग पिता से मारपीट की और फिर गुस्से में अपनी 7 साल की मासूम बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई।

सिजनौडा गांव निवासी विनोद कुमार निषाद ने शराब के नशे में पहले अपनी पत्नी सरिता देवी के साथ मारपीट की। जब उसके पिता रामफल ने बीच-बचाव कर उसे रोकने की कोशिश की तो विनोद ने उन पर भी हमला कर दिया। किसी तरह पत्नी और पिता जान बचाकर वहां से भागे। इसके बाद गुस्साए विनोद ने अपनी 7 वर्षीय बेटी वर्षा को निशाना बनाते हुए उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

बच्ची की गंभीर हालत देखकर मां सरिता देवी ने तत्काल यूपी-112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी विनोद को पकड़कर मौदहा कोतवाली ले गई। वहीं परिजन घायल बच्ची को मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

मौदहा कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी फिलहाल हिरासत में है और पीड़ित परिवार की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, विनोद शराब पीने का आदी है और अक्सर नशे में घर में मारपीट करता है। बताया गया कि विनोद का एक 9 साल का बेटा भी है।

IMG-20260119-WA0342

फोटो - घायल वर्षा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!