हमीरपुर ज़िले के कुरारा थाना क्षेत्र में आर्थिक तंगी से जूझ रही एक महिला ने कुएं में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
घटना कुरारा थाना क्षेत्र के बेरी गांव की है। बताया गया कि महिला का पति उसे मायके में छोड़कर चला गया था और वापस लेने नहीं आ रहा था। इसी कारण वह लंबे समय से आर्थिक व मानसिक तनाव में थी। परेशान होकर महिला ने करीब 70 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी।
महिला के कुएं में कूदते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और फायर सर्विस को सूचना दी। फायर सर्विस की टीम ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए महिला को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान 35 वर्षीय संतोषी पाल के रूप में हुई है। संतोषी की चार माह पहले ही दूसरी शादी कानपुर देहात के वंशनपूर्वा निवासी आशीष से हुई थी। पहली शादी से उसका तीन साल का एक बेटा है। पति की मौत के बाद उसकी दूसरी शादी हुई थी।बताया गया कि आशीष कुछ दिन पहले संतोषी को मायके में छोड़ गया था और वापस लेने नहीं आ रहा था, जिससे वह आर्थिक तंगी में आ गई और यह कदम उठा लिया।
फोटो - पीड़ित संतोषी पाल
फोटो - बचाव कार्य में लगी फायर सर्विस टीम

