हमीरपुर जिले में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ है, यहां शॉर्ट सर्किट की वजह से दो पोल्ट्री फार्म में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दोनों फार्म धू-धूकर जल उठे और हजारों मुर्गे-मुर्गियां जिंदा जलकर मर गईं। इस हादसे में पोल्ट्री फार्म मालिक को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
फोटो - पोल्ट्री फार्म में लगी आग
यह घटना कुरारा थाना क्षेत्र के कुसमरा गांव के बाहर खेतों में बने पोल्ट्री फार्म की है। शहर के खालेपुरा मोहल्ला निवासी आमिर कुरैशी के परिवार के यहां तीन पोल्ट्री फार्म संचालित हैं। इनमें से दो फार्म में करीब दो-दो हजार मुर्गे और मुर्गियां तैयार थीं, जिन्हें ऑर्डर पर भेजा जाना था।
बताया गया कि बुधवार शाम करीब चार बजे पोल्ट्री फार्म में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों पोल्ट्री फार्म पूरी तरह से आग की चपेट में आ गए। वहां मौजूद मजदूरों ने किसी तरह बाहर निकलकर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर आमिर कुरैशी और उनके परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि मजदूरों ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी दी है। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में दोनों फार्म पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
घटना की सूचना पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों पोल्ट्री फार्म पूरी तरह नष्ट हो चुके थे।
आग में बड़ी संख्या में मुर्गे-मुर्गियां जलकर मर गए। इसकी खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और जले हुए मुर्गे-मुर्गियां उठाकर ले गए। फार्म मालिक का कहना है कि मरने के बाद इन्हें वैसे भी फेंकना पड़ता, इसलिए ग्रामीण उन्हें ले गए।

