हमीरपुर में सड़क हादसा, बाइक सवार दो लोगों की मौत

हमीरपुर ज़िले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टिकरी बुजुर्ग में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:30 बजे टीवीएस बाइक संख्या UP90Z2005 पर सवार रामबिहारी पुत्र बोडा निवासी फत्तेपुरवा, रामबहोरी पुत्र सुखुआ तथा समीर वर्मा पुत्र रामबहोरी निवासी ग्राम टिकरी बुजुर्ग टिकरी से कपसा की ओर जा रहे थे। तभी ग्राम टिकरी बुजुर्ग स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने रामबिहारी (40) और समीर वर्मा (20) को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल रामबहोरी (48) का उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां परिजनों में कोहराम मचा हैं।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

Screenshot_20260515_093201_Gallery

फोटो - मृतकों के परिजन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!