हमीरपुर ज़िले के बिवार थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फोटो - मृतक उत्कर्षा उर्फ़ फातिमा
यह मामला हमीरपुर ज़िले के बिवार थाना क्षेत्र के बिगहना गांव का है। यहां 21 वर्षीय महिला फातिमा का शव उसके घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि मृतका मूल रूप से रत्नागिरी (महाराष्ट्र) की रहने वाली थी, उसका असली नाम उत्कर्षा था।
जानकारी के अनुसार, बिगहना गांव निवासी मुर्तजा तीन साल पहले महाराष्ट्र में काम करता था, जहां उसकी मुलाकात उत्कर्षा से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में मुर्तजा उसे अपने गांव बिगहना ले आया। यहां दोनों ने मुस्लिम रीति-रिवाज से विवाह किया। विवाह के बाद उत्कर्षा ने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम फातिमा रख लिया। दंपति का तीन माह का एक बेटा भी है।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले घर में खाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद फातिमा अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। क्षेत्राधिकारी राज कुमार पाण्डेय ने बताया कि मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुर्तजा तीन भाइयों में बीच का है और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

