हमीरपुर: धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती, मौदहा चेयरमैन हाथी पर सवार हो किया बसपा का प्रचार।

हमीरपुर। देश के पहले विधि मंत्री, कानून निर्माता और अछूतोद्धार के पुरोधा बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती कस्बे सहित क्षेत्र में धूमधाम से मनाई गई जिसको लेकर कस्बे में जगह जगह तोरणद्वार बनाए गए थे और बाबा साहब के अनुयायीयों नें स्टाल लगाकर लंगर, शीतल पेय सहित अन्य खाद्य सामग्री वितरित की।अम्बेडकर जयंती में निकाली गई विशाल शोभायात्रा को 2027के विधानसभा चुनावों के लिए शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। और मौदहा नगरपालिका अध्यक्ष बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा प्रत्याशी के रूप में अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे सहित क्षेत्र में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई जिसके चलते कस्बे के मीरातालाब स्थित अम्बेडकर पार्क से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई जो फत्तेपुर, बंशनाला, तहसील रोड, मलीकुआ चौराहा, रहमानिया कालेज, नरहय्या, कांजी हाउस होकर स्टेशन रोड स्थित अम्बेडकर पार्क में माल्यार्पण कर वापसी देवी चौराहा, नेशनल चौराहा, कोतवाली गेट होकर मीरा तालाब स्थित अम्बेडकर पार्क में देरशाम सम्पन्न हुई।जिसके बाद अम्बेडकर पार्क में आयोजित किए गए कार्यक्रम में बाबा साहब के जीवनवृत और दलितों के लिए उनके द्वारा किए गए संघर्ष का विस्तार से वर्णन किया गया।बताते चलें कि, अम्बेडकर जयंती पर निकाली गई विशाल शोभायात्रा के द्वारा मौदहा नगरपालिका अध्यक्ष रजा मोहम्मद ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर शक्ति प्रदर्शन कर दलित और मुस्लिम गठजोड़ के चलते अपनी दावेदारी पेश कर दी है। शोभायात्रा में कांशीराम, अब्दुल कलाम, सावित्री बाई फूले, ज्योतिबा फूले, महात्मा बुद्ध सहित दर्जनों ऐतिहासिक महापुरुषों के चित्र भी रखे गए थे।
शोभायात्रा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा था और जयंती की पूर्व संध्या पर युवाओं ने एक बाइक रैली निकाल जागरूकता अभियान चलाया था। जबकि शोभायात्रा में बाबा साहब के अनुयायीयोँ द्वारा जगह जगह तोरण द्वार बनाकर स्टाल लगा कर लंगर, शीतल पेय, शर्बत और पानी का इंतजाम किया गया था। वहीं सुरक्षा को लेकर पुलिस सक्रिय नजर आई और उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह,क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय, कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। इसके अतिरिक्त हमीरपुर जिले सहित मौदहा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिजवाही, भमौरा, पढोरी, रीवन, सहित अन्य गावों में भी बाबा साहब की जयंती मनाई गई। वहीं अम्बेडकर जयंती को लेकर शिक्षा विभाग भी सक्रिय नजर आया। कम्पोजिट विद्यालय कांशीराम कालोनी छिमौली रोड, सावित्री बाई फूले प्राथमिक विद्यालय, किन्नर गार्डन पब्लिक स्कूल सहित सभी स्कूलों में अम्बेडकर जयंती मनाई गई और बाबा साहब के जीवन और कार्यों का विस्तार से वर्णन किया गया।

IMG-20260414-WA0521

फोटो - हाथी पर सवार होकर बसपा का प्रचार करते रजा मोहम्मद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!