हमीरपुर को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात: 636 करोड़ की 75 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, बुंदेलखंड के विकास का खींचा खाका

हमीरपुर।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हमीरपुर दौरे के दौरान जनपद को 636.82 करोड़ रुपये की 75 विकास परियोजनाओं की सौगात देकर विकास की नई इबारत लिखी। राठ स्थित ब्रह्मानंद डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री ने 225.08 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 34 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 411.73 करोड़ रुपये की 41 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि कभी पिछड़ेपन और पानी के संकट के लिए पहचाने जाने वाला बुंदेलखंड अब विकास, निवेश और रोजगार का नया केंद्र बन रहा है।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने महान संत स्वामी ब्रह्मानंद महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी समाधि स्थल पर पहुंचकर प्रदेश एवं जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि स्वामी ब्रह्मानंद का जीवन समाज सेवा, राष्ट्रभक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अद्वितीय उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले बुंदेलखंड पेयजल संकट, खराब सड़कों और विकास की कमी के कारण चर्चा में रहता था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल रही है। प्रदेश सरकार ने हर घर नल योजना के माध्यम से लाखों परिवारों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का काम किया है। इससे महिलाओं और बेटियों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के चलते प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और माफिया तथा अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है। अब उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद प्रदेश के रूप में उभरा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर और औद्योगिक निवेश परियोजनाओं ने क्षेत्र के विकास को नई गति दी है। झांसी में विकसित हो रहा बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) हजारों युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित करेगा। उन्होंने दावा किया कि देश-विदेश की कई बड़ी कंपनियां क्षेत्र में निवेश के लिए आगे आ रही हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने स्वामी ब्रह्मानंद महाविद्यालय को विश्वविद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए लोगों से नियमित योग अपनाने की अपील की। उन्होंने जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए किसानों से आधुनिक सिंचाई तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया।
लाभार्थियों को मिली करोड़ों की सहायता
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को 6.49 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता और स्वीकृति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, परिवार नियोजन योजना और जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को 6.30 करोड़ रुपये का सामुदायिक निवेश कोष दिया गया। आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, ओडीओपी योजना के तहत जूती टूलकिट उपलब्ध कराई गई तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत एक बालक को लैपटॉप प्रदान किया गया।
विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों का बंटवारा
जनपद में स्वीकृत 75 परियोजनाओं में हमीरपुर सदर विधानसभा क्षेत्र की 45 परियोजनाएं 284.46 करोड़ रुपये की लागत से तथा राठ विधानसभा क्षेत्र की 30 परियोजनाएं 352.35 करोड़ रुपये की लागत से संबंधित हैं। इन परियोजनाओं में सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं।

IMG-20260621-WA0476

फोटो - स्वामी ब्रह्मानंद की समाधि में पुष्पांजलि अर्पित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

IMG-20260621-WA0468

फोटो - लाभार्थी को लैपटॉप वितरित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!