हमीरपुर में तीन बेटियों के जन्म से तनाव में मां ने मासूम को जहर खिलाकर खुद भी खाया विषाक्त पदार्थ

हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के बिहरका गांव में शनिवार को एक महिला ने अपनी चार वर्षीय बेटी को कथित रूप से जहरीला पदार्थ खिलाने के बाद स्वयं भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। मां-बेटी की हालत बिगड़ने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बिहरका गांव निवासी श्याम बाबू की पत्नी सुशीला ने अपनी चार वर्षीय बेटी निधि को जहरीला पदार्थ खिलाने के बाद स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। घटना के कुछ देर बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उन्हें सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दंपती लगातार तीन बेटियों के जन्म के बाद मानसिक तनाव में था। हालांकि, महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। महिला के पति श्याम बाबू ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं—निधि (चार वर्ष), शशि (तीन वर्ष) और डेढ़ माह की आकांक्षा। उन्होंने बताया कि वह 12 बीघा कृषि भूमि पर खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!