हमीरपुर ज़िले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में उस समय अजीब स्थिति बन गई जब दो लोग एक ही कुत्ते पर मालिकाना हक जताते हुए थाने पहुंच गए। मामला सुमेरपुर कस्बे का है, जहां कुंडौरा गांव के श्रीपत कुशवाहा और सुमेरपुर निवासी घनश्याम यादव की बेटियां एक ही कुत्ते को अपना बताने लगीं।
सेजल कुशवाहा का कहना है कि यह शेरू नाम का कुत्ता उनके पास पिछले सात महीनों से है। वहीं दूसरी ओर, चाहत यादव ने बताया कि यह उनका कुत्ता है जो पिछले शनिवार को घर से लापता हो गया था। चाहत का दावा है कि शेरू के गुम होने के बाद उसने आठ दिन से खाना तक नहीं खाया।
दावेदारी को लेकर पुलिस ने ग्राम प्रधान को भी बुलाया, जिन्होंने बताया कि यह कुत्ता पहले सेजल कुशवाहा के घर में देखा गया था। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता देख पुलिस ने फिलहाल कुत्ते को अपने कब्जे में ले लिया है और दोनों परिवारों से प्रमाण पत्र या कोई ठोस सबूत देने को कहा है।
थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर कुत्ते को उसके असली मालिक के सुपुर्द किया जाएगा।

