हमीरपुर। बुंदेलखंड अलग राज्य की मांग एक बार फिर क्षेत्र में तेज हो गई है। मौदहा में बुंदेलखंड नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष विनय तिवारी के नेतृत्व में दर्जनों पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित खून से लिखा पत्र अपर जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से यूपी और एमपी के बुंदेलखंड क्षेत्र के जिलों को जोड़कर पृथक राज्य के गठन की पुरजोर मांग की।विनय तिवारी ने बताया कि स्वतंत्रता के बाद तक बुंदेलखंड अलग राज्य था, जिसकी राजधानी नौगांव होती थी। आजादी के कुछ वर्षों बाद सरकार ने बुंदेलखंड राज्य को समाप्त कर दिया। अगर अलग राज्य बनता है, तो क्षेत्र की धन-संपदा, वन-संपदा और प्राकृतिक संसाधनों का विकास स्थानीय हित में संभव होगा। तिवारी का कहना है कि वर्तमान में इन संसाधनों का दोहन लखनऊ और भोपाल से हो रहा है।बुंदेलखंड अलग राज्य आंदोलन की मांग लंबे समय से क्षेत्र की राजनीति का केंद्र रही है। क्षेत्रीय संगठनों, विधायकों और समाजसेवी संस्थाओं द्वारा लगातार प्रस्ताव, सभाएं और जनांक्रोश यात्राएं आयोजित की जा रही हैं। अपनी मांग के समर्थन में कई बार खून से पत्र लिखने का तरीका भी अपनाया गया है, ताकि सरकार और समाज का ध्यान इस दिशा में आकर्षित किया जा सके।
फोटो- खून से लिखा गया पत्र

