फसल बचाने पर किसान से मारपीट, चोटी उखाड़ने का आरोप

पुलिस ने मारपीट में दर्ज किया मुकदमा, चोटी उखाड़ने से किया इनकार

हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में फसल बर्बाद करने से रोकने पर दबंगों द्वारा एक किसान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने न सिर्फ उसके साथ मारपीट की बल्कि उसकी चोटी भी उखाड़ दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला मुस्करा थाना क्षेत्र के मिहंना गांव का है। गांव निवासी अजय तिवारी ने बताया कि 17 दिसंबर की शाम वह अपने खेत देखने गए थे, जहां गांव का ही रज्जू निषाद उनकी फसल बर्बाद करता दिखाई दिया। मना करने पर विवाद हुआ, जिसकी शिकायत उन्होंने घर जाकर अपने पिता से की। पिता ने विवाद न बढ़ाने की सलाह दी।

अजय तिवारी के अनुसार जब वह दोबारा खेत की ओर जा रहे थे, तभी गांव के स्कूल के पास रज्जू निषाद अपनी पत्नी और बहन के साथ मिला। आरोप है कि तीनों ने उन्हें पकड़ लिया और मारपीट की। अजय का कहना है कि दोनों महिलाओं ने उनकी साफी से गला कस लिया, जबकि रज्जू ने मारपीट करते हुए उनकी चोटी उखाड़ दी।

पीड़ित ने बताया कि वह मथुरा में रहकर पंडिताई करते हैं और चोटी उखाड़े जाने से उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। मारपीट में उनके सिर में चोट भी आई है।

वहीं पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया सेल के माध्यम से स्पष्ट किया गया है कि चोटी उखाड़े जाने की पुष्टि नहीं हुई है, जबकि मारपीट की घटना में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

IMG-20251219-WA0375

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!