हमीरपुर ज़िले के सुमेरपुर कस्बे में शनिवार शाम एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने एक वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। पत्नी के मायके चले जाने और वापस न लौटने से वह मानसिक रूप से क्षुब्ध बताया जा रहा है।
फोटो - मृतक कुलदीप वर्मा
घटना कस्बे के वार्ड संख्या 3 इमिलिया बाड़ा की है। यहां 25 वर्षीय कुलदीप वर्मा ने करीब एक साल पहले बांदा जनपद के जसपुरा कस्बा निवासी आरती से प्रेम विवाह किया था। परिजनों के अनुसार कुछ दिन पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरती मायके चली गई थी।
बताया जा रहा है कि शनिवार को कुलदीप ने फोन पर पत्नी से घर लौटने की बात कही, लेकिन पत्नी के इंकार करने से वह काफी आहत हो गया। इसी के बाद उसने घर के अंदर कमरा बंद कर फांसी लगा ली। काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांकने पर कुलदीप फांसी पर लटका दिखाई दिया। परिजन दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से उतारकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर शशांक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था और भाइयों में सबसे बड़ा था। वह अपने पीछे मां मुन्नी देवी, बहनें उत्तरा व गीता तथा भाई राज और सत्यम को रोता-बिलखता छोड़ गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

