हमीरपुर में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, चालक की केबिन में फंसकर मौत, मकान में घुसा ट्रक

हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना कस्बे में बीती देर रात दो तेज़ रफ्तार ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रक अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे-34 किनारे बने एक मकान को तोड़ते हुए अंदर घुस गया। इस भीषण हादसे में ट्रक चालक की केबिन में फंसे पास मौत हो गई है।

हादसे में ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था। दुर्घटना की भयावहता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि चालक का कटा हुआ हाथ कुछ दूरी पर सड़क पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद ट्रक को मकान से बाहर निकलवाया और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया।

यह हादसा सुमेरपुर कस्बे में नेहा नर्सिंग होम के पास शनिवार देर रात हुआ। बताया जा रहा है कि कबरई और कानपुर की दिशा से आ रहे दो ओवरस्पीड ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रक सीधे सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। घटना के समय मकान में लोग सो रहे थे, तेज धमाके की आवाज़ से लोग दहशत में आ गए और किसी तरह घर से बाहर निकले।

मकान मालिक पुनीत सिंह ने बताया कि तेज आवाज़ सुनकर उनकी नींद खुली तो घर के अंदर धूल ही धूल भर गई थी। बाहर निकलने का प्रयास किया तो देखा कि ट्रक उनके घर में घुसा हुआ है। छत पर चढ़कर देखा तो ट्रक में ड्राइवर बुरी तरह फंसा हुआ था।

ट्रक में मौजूद हेल्पर अवधेश ने बताया कि मृतक चालक की पहचान 24 वर्षीय रिंकू के रूप में हुई है, जो जालौन जनपद के कुरैना गांव का निवासी था। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!