मण्डलायुक्त और पुलिस उपमहानिरीक्षक ने समाधान दिवस में सुनी जनसमस्याएं,सरकारी अस्पताल और खाद वितरण केंद्र का किया निरीक्षण

हमीरपुर, 04 अक्टूबर।

महीने के पहले शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस पर कुल 56शिकायतें दर्ज की गई जिनमें से एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया शेष शिकायतें भी जल्द निस्तारण के लिए सम्बंधित विभागों को भेजी जा रही हैं।

आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा अजीत कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बाँदा राजेश एस द्वारा महीने के पहले शनिवार को तहसील दिवस-मौदहा में संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया गया। तहसील दिवस में बड़ी संख्या में आए फरियादियों की समस्याओं को गम्भीरता से सुना गया तथा तत्काल प्रभाव से निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

आयुक्त ने विशेष रूप से राजस्व विभाग से सम्बन्धित भूमि विवाद प्रकरणों में स्पष्ट निर्देश दिये कि राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को शीघ्र राहत प्राप्त हो।

साथ ही तहसील दिवस में उपस्थित विकास कार्यों से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आगामी दीपावली त्यौहार से पूर्व क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ बनाया जाए, जर्जर खम्भों एवं तारों की मरम्मत की जाए, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई एवं चिकित्सा सुविधाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखा जाए। उन्होंने मिशन शक्ति 5.0 के अन्तर्गत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु विशेष प्रयास करने, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने एवं प्रशिक्षण,रोजगारपरक गतिविधियों का विस्तार करने का भी निर्देश दिया।

तहसील दिवस कार्यक्रम के उपरान्त आयुक्त द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, मौदहा एवं पीसीएफ खाद वितरण केन्द्र, मौदहा का औचक निरीक्षण किया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, मौदहा के निरीक्षण में सभी डॉक्टर ड्यूटी पर उपस्थित पाये गये। पूर्व में पाई गई कमियों की तुलना में सुधार पाया गया, किन्तु प्रवेश द्वार पर घास व गन्दगी मिली। आयुक्त ने निर्देश दिये कि तत्काल सफाई करायी जाए एवं केंद्र में नियमित साफ-सफाई, पेयजल, दवाओं की उपलब्धता, सीसीटीवी की कार्यशीलता सुनिश्चित हो। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी दवा को बाहर से न मंगवाया जाए तथा डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर सार्वजनिक स्थान पर मोबाइल नंबर सहित प्रदर्शित किया जाए।

खाद वितरण केन्द्र, पीसीएफ मौदहा में प्रभारी रमाशंकर उपस्थित पाये गये। उनके द्वारा अवगत कराया गया कि केन्द्र में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। आयुक्त ने निर्देशित किया कि किसानों को समय से खाद उपलब्ध करायी जाए। किसी भी प्रकार की ओवर रेटिंग, कालाबाजारी अथवा टैगिंग जैसी शिकायतें प्राप्त नहीं होनी चाहिए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।

WhatsApp Image 2025-10-04 at 5.28.47 PM (1)
error: Content is protected !!