हमीरपुर में तमंचे के बल पर नाबालिग का अपहरण, तीन आरोपी ग्रामीणों ने पकड़े, मुख्य आरोपी फरार

हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र में बिच्छू गैंग से जुड़े एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी और उसके साथियों द्वारा तमंचे के बल पर 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने पीछा कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि मुख्य आरोपी किशोरी को लेकर विरमा नदी पार कर फरार हो गया। घटना के दौरान एक आरोपी नाले में गिरकर घायल हो गया। पुलिस घंटों तलाश में जुटी रही, लेकिन किशोरी और मुख्य आरोपी का पता नहीं चल सका।

IMG-20260120-WA0448
IMG-20260120-WA0449

फोटो - जांच करती पुलिस

मिली जानकारी के अनुसार, बिवांर थाना क्षेत्र में एक मजदूर परिवार गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर डेरा पर रहता है। पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार को उनकी 17 वर्षीय बेटी शौच के लिए जा रही थी, तभी गांव का रिंकू उर्फ डूंगर राजपूत अपने तीन साथियों—बउआ उर्फ शिवविशाल वर्मा, ऋषि यादव (महेरा निवासी) और दुर्गेश कुमार खंगार (खड़ेहीलोधन निवासी)—के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि इन लोगों ने तमंचे के बल पर किशोरी का अपहरण कर लिया और विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी।

लड़की के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए और आरोपियों का पीछा करते हुए गांव के दुर्गा मंदिर तक पहुंचे। इसी दौरान एक आरोपी नाले में गिरकर घायल हो गया। उसके दो साथी उसे उठाने लगे, तभी ग्रामीणों ने तीनों को पकड़ लिया। वहीं मुख्य आरोपी रिंकू तमंचा लहराते हुए किशोरी को लेकर विरमा नदी पार कर फरार हो गया।

पकड़े गए आरोपियों बउआ और दुर्गेश के पास से पुलिस ने दो 315 बोर के तमंचे और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सूचना मिलने पर मौदहा सीओ राजकुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और करीब तीन घंटे तक पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान चलाया, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि घायल ऋषि यादव को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया है। किशोरी के पिता की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ अपहरण और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

सीओ राजकुमार पांडेय ने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!