हमीरपुर में तालाब से 22 वर्षीय युवक का शव बरामद, मौत संदिग्ध

हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में मंगलवार को एक युवक का शव मीरा तालाब से बरामद होने से सनसनी फैल गई। युवक दोपहर करीब दो बजे बाइक लेकर घर से निकला था, जबकि चार बजे परिजनों को उसके तालाब में डूबने की सूचना मिली। मृतक की बाइक और मोबाइल अभी तक बरामद नहीं हो सके हैं, जिससे परिजन अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मामला मौदहा कस्बा स्थित मीरा तालाब का है। ब्लॉक के पीछे रहने वाले 22 वर्षीय तौसीब—जो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था—दोपहर करीब दो बजे बाइक लेकर घर से निकला था। लगभग एक घंटे बाद जब परिजनों ने उसे फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। तलाश शुरू हुई, तभी सूचना मिली कि तालाब में एक युवक का शव पड़ा है। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान तौसीब के रूप में की, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से निकालकर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के चाचा राजा ने बताया कि तौसीब कभी तालाब की ओर नहीं जाता था, इसलिए उन्हें किसी अनहोनी की आशंका है।

पड़ोसी दुकानदार श्यामू ने बताया कि दो बजे तौसीब उनकी दुकान पर आया था और अपनी मां के लिए कुछ सामान लेकर गया था। कुछ देर बाद उसकी मां बेटे को ढूंढते हुए दुकान पर आईं, लेकिन फोन बंद था। श्यामू ने भी मौत को संदिग्ध बताया है।

कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला तालाब में डूबने से मौत का लग रहा है, फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस जांच कर रही है।

IMG-20260120-WA0411

फोटो - मृतक तौसीब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!