हमीरपुर ज़िले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब मजदूर स्लैब डालने के दौरान वाइब्रेटर मशीन चला रहा था, तभी उसमें अचानक करंट उतर आया।
यह घटना मौदहा कोतवाली क्षेत्र के खंडेह गांव की है। यहां 36 वर्षीय शपथ कुमार गांव में ही लक्ष्मण दीवाला पर स्लैब डालने का काम कर रहा था। वाइब्रेटर मशीन चलाते समय उसमें करंट आ गया, जिससे शपथ कुमार मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौदहा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
मृतक शपथ कुमार पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। सभी भाई मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। शपथ कुमार की शादी इंगोहटा गांव में हुई थी और उसका एक तीन वर्षीय बेटा है। परिवार के पास कुल 25 बीघा खेती है। मृतक के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
फोटो- शोक में डूबे परिजन

