हमीरपुर ज़िले के सुमेरपुर कस्बे में रविवार रात पालतू रॉटविलर कुत्ते के हमले से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित बच्चे के पिता ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
घटना सुमेरपुर थाना क्षेत्र के विंध्यवासिनी रोड की है। यहां इस्पात मिल में कार्यरत राजेंद्र कुमार गौतम के बेटे अंश पर पड़ोसी के पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में अंश के हाथ और सीने पर कई जगह गहरे घाव आए, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
पीड़ित पिता राजेंद्र कुमार ने बताया कि उनका पड़ोसी सागर रॉटविलर नस्ल का कुत्ता पालता है। रविवार रात जब वह फैक्ट्री में ड्यूटी पर थे, उसी दौरान कुत्ते ने उनके बेटे पर हमला कर दिया।
घायल अंश ने बताया कि वह अपने साथी पथिक के घर की छत पर खेल रहा था, तभी कुत्ता अचानक छत पर कूद आया और उस पर झपट पड़ा। कुत्ते ने उसके हाथ और सीने पर काट लिया। घटना के समय आसपास मौजूद लोग उसे बचा नहीं सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कुत्ता पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है।
पीड़ित के पिता ने सुमेरपुर थाना पुलिस को कुत्ते के मालिक के खिलाफ तहरीर सौंप दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फ़ोटो - घायल अंश

