हमीरपुर में डी-29गैंग का आतंक बरकरार, खेतिहर मजदूर से ट्रैक्टर छीना

हमीरपुर। हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र में आतंक का पर्याय बन चुके डी-29गैंग पर दर्जनों मुकदमे दर्ज होने के बाद भी उनकी हनक कम नहीं हो रही है। उनके द्वारा खेतिहर मजदूर से ट्रैक्टर छीनने के साथ ही एक लाख से अधिक रुपये भी वसूलने के आरोप लगे हैं जिसको लेकर पीडित ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की मांग की है।
हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परछा निवासी भोलू पुत्र रमजान ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव के दबंग माफिया और डी-29गैंग संचालक मुईन उददीन जुम्मू और आफताब ने उसे खेत जोतने के लिए चौदह हजार रुपये दिए थे जिसपर उसने उनके खेतोँ की जुताई की लेकिन एक खेत में नमी अधिक होने के कारण जुताई नहीं हो सकी। उसी बात से नाराज उक्त लोग उससे रुपये वापस करने की धमकी देने लगे और चौदह हजार के ब्याज सहित साठ हजार रुपये ले लिए।
पीडित ने बताया कि उसके बाद उक्त लोगों ने उसका असलहों के बल पर धमकी देकर उसका ट्रैक्टर छीन लिया और खन्ना थाना क्षेत्र के सिरसी निवासी कुलदीप सिंह पुत्र अज्ञात के घर पहुंचा दिया। पीडित ने बताया कि जब वह सिरसी कुलदीप के घर पहुंचा तो उक्त कुलदीप ने उससे ब्याज के रूप में सत्तर हजार रुपये ले लिए और गाली तथा धमकी देकर भगा दिया। पीडित ने बताया कि वह उसी ट्रैक्टर से कमाई कर परिवार चलाता था और उक्त लोग माफिया तथा गिरोह बंद अपराधी हैं जो लगातार धमकी दे रहे हैं। पीडित ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कठोर कार्यवाही की मांग की है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि तहरीर मिली है जांच की जा रही है जांच उपरांत उचित कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!