हमीरपुर में बारात में आए मासूम की ट्रक से कुचलकर मौत, हाईवे जाम के बाद थाने में हंगामा

हमीरपुर ज़िले के मुस्करा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक हादसे में बारात में शामिल होने आए 10 वर्षीय बच्चे की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया, हाईवे जाम कर दिया और थाने में घुसकर पुलिस के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की। स्थिति बिगड़ने पर कई थानों की पुलिस बुलानी पड़ी तब जाकर भीड़ को हटाया जा सका। फिलहाल पुलिस महकमे के अधिकारी मौके पर डेरा डाले हैं।

जालौन जनपद में चंदरसी गांव निवासी दीपक राजपत की बारात बुधवार रात मुस्करा कस्बे स्थित विक्रम पैलेस आई थी। द्वारचार और जयमाल की रस्मों के बाद देर रात करीब तीन बजे कुछ बराती वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दूल्हे का भांजा 10 वर्षीय अनिकेत पुत्र राजकुमार सड़क किनारे खड़ा था, तभी वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक ट्रक लेकर भाग निकला।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बरातियों ने ट्रक का पीछा किया। इस दौरान चालक वाहन से कूदकर सीधे मुस्करा थाने में घुस गया। गुस्साए लोगों ने ट्रक के खलासी को पकड़कर जमकर पीटा और बाद में उसे यूपी-112 पुलिस के हवाले कर दिया।

इसके बाद बड़ी संख्या में लोग थाने के भीतर घुस गए और चालक को उनके हवाले करने की मांग करने लगे। हंगामे के दौरान वीडियो बना रहे एक युवक के सिर पर डंडा लगने से वह घायल हो गया। बवाल बढ़ता देख राठ और बिवांर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर बुलाई गई।

आक्रोशित लोगों ने सागर-मिर्जापुर हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे थे, तभी कुछ महिलाओं ने उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।

पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद शादी वाले घर में मातम पसरा हुआ है।

IMG-20260514-WA0138

फोटो - हाईवे में प्रदर्शन करते परिजन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!