एनएच34 पर दर्दनाक हादसा, ट्रक पलटने से दो की मौत, तीन गंभीर

हमीरपुर ज़िले में बुधवार दोपहर नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के कुंडौरा गांव के पास काबरई की तरफ से गिट्टी लेकर कानपुर जा रहा एक अनियंत्रित ट्रक ई-रिक्शे पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा कई टुकड़ों में बंट गया। दुर्घटना में ई-रिक्शे में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के दौरान ट्रक चालक भी वाहन के अंदर फंस गया था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।

पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस हादसे में घायलों और मृतकों की शिनाख्त हो गई है। हादसे को अंजाम देने वाला घायल ट्रक चालक 35 वर्षीय काकू है जो नवाबगंज उन्नाव का रहने वाला है। जबकि ई रिक्शा सवार 32 वर्षीय चांदनी और उसका पांच वर्षीय बेटा अभी घायल हैं। इस हादसे में झांझरिया डेरा का रहने वाला 38 वर्षीय शिवकुमार भी घायल हुआ है। हादसे में ई रिक्शा चालक 40 वर्षीय बलिराम निषाद और उसकी पत्नी संतोषी निषाद की मौत हुई है, यह दोनों लोग बड़ा कछार के रहने वाले थे।

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। मौके पर मौजूद क्षेत्राधिकारी सदर राजेश कमल ने बताया कि ट्रक के अनियंत्रित होकर पलटने से यह हादसा हुआ है।

IMG-20260513-WA0467

फोटो - घटना स्थल पर जांच करती पुलिस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!