हमीरपुर। जनपद के मौदहा कस्बे के एक युवक ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र दिया हैं। पीड़ित ने थाना मौदहा पुलिस पर आरोपी को संरक्षण देने और मुकदमे में उचित धाराएं न बढ़ाने का आरोप लगाया है।
हमीरपुर ज़िले के मौदहा कस्बे के बड़ा चौराहा कम्हरिया रोड निवासी शमीम उद्दीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसने वर्ष 2025 में थाना मौदहा में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि नामजद आरोपी सैफुल हयात पुत्र हयात खां ने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब साढ़े चार लाख रुपये वसूल लिए। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे विदेश भेजा, जहां पहुंचने पर उसे धोखाधड़ी का एहसास हुआ।
शिकायतकर्ता के अनुसार मामले में पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध कराने के बावजूद विवेचक ने तहरीर के मुताबिक उचित धाराएं नहीं लगाईं और आरोपी की गिरफ्तारी भी नहीं की। पीड़ित ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस आरोपी को संरक्षण दे रही है।
पत्र में कहा गया है कि वह 16 फरवरी 2026 को जनता दरबार में भी शिकायत कर चुका है, जिसके बाद उच्च अधिकारियों ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
पीड़ित ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने की मांग की है।
फोटो - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में बैठा पीड़ित

