हमीरपुर में गर्मी से राहत पाने के लिए तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना मौदहा तहसील क्षेत्र के खंडेह गांव की है। सोमवार दोपहर गांव के कलार तालाब में चार बच्चे नहाने गए थे। नहाते समय तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। यह देख उनके साथ मौजूद चौथा साथी डुग्गू घबराकर गांव पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिजन तालाब पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से बच्चों को बाहर निकालकर बाइक से अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
मृत बच्चों की पहचान 8 वर्षीय आदित्य कुशवाहा, 10 वर्षीय भोला कुशवाहा और 11 वर्षीय प्रबल यादव के रूप में हुई है। तीनों खंडेह गांव के निवासी बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। मौके पर मौजूद अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
फोटो - बच्चे को बाइक में उपचार के लिए ले जाते परिजन

