हमीरपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा शुरू, 7 केंद्रों पर 18,432 अभ्यर्थी दे रहे परीक्षा

हमीरपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा आज से शुरू हो गई है। जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हो रही इस परीक्षा में कुल 18,432 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। तीन दिनों तक चलने वाली परीक्षा को सकुशल और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। साथ ही हाईवे पर यातायात का रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है।

IMG-20260608-WA0139

परीक्षार्थियों की जांच करता पुलिसकर्मी

परीक्षा के लिए राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुछेछा, राजाराम इंटर कॉलेज झलोखर और राजकीय महाविद्यालय सुमेरपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है।

प्रशासन की ओर से केंद्रों पर प्रवेश और निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, विद्युत आपूर्ति, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाओं को पहले ही दुरुस्त कर लिया गया है। परीक्षा की निगरानी के लिए सात स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सात केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी लगाया गया है।

पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया जा रहा है। प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूरी तरह रोक है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

एसपी के अनुसार परीक्षा अवधि के दौरान सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक हाईवे पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। महोबा की ओर से कानपुर जाने वाले वाहन कबरई, बांदा और चौडगरा मार्ग अथवा बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का उपयोग कर सकेंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिले के प्रमुख चौराहों, तिराहों और बैरियरों पर स्थानीय थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस की तैनाती की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!