हमीरपुर। जनपद के बिवांर थाना क्षेत्र के छानी गांव में गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में नहाने गए दो सगे भाइयों और उनकी बहन की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, छानी गांव निवासी रमेश के तीन बच्चे 9 वर्षीय शिवेंद्र, 7 वर्षीय रुद्रांश और 4 वर्षीय मांडवी अपनी मां पार्वती के साथ सुबह तालाब में नहाने गए थे। नहाते समय तीनों बच्चे खेलते-खेलते गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम सदर अभिषेक कुमार ने बताया कि तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शासन की ओर से मृतक बच्चों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पिछले छह दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। भीषण गर्मी के कारण लोग नहाने और राहत पाने के लिए तालाब का रुख कर रहे हैं। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है।
फोटो - मृतक शिवेंद्र, रुद्रांश और मांडवी
फोटो - तालाब तालाब जिसमें बच्चे बच्चे डूबे थे।

