हमीरपुर में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज़ रफ्तार डंपर बेतवा नदी में जा गिरा, जिससे चालक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय नाविकों की मदद से चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बेतवा पुल पर बुधवार रात करीब डेढ़ बजे हुआ। बताया जा रहा है कि महोबा की ओर से कानपुर जा रहा एक डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया। नाविकों की सहायता से डंपर के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को चालक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान मौदहा कस्बे के मिराज पुरवा निवासी 29 वर्षीय राजकुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पंचनामा और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फोटो - मृतक राज कुमार

