हमीरपुर पहुंचे ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पश्चिम बंगाल में दिए गए बयान को लेकर भाजपा नेताओं के हिंदुत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि “गाय 14 वर्ष तक मां रहेगी, उसके बाद सब्जी-भाजी हो जाएगी, यही इन लोगों का हिंदुत्व है।” उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी के बयान से इनकी सोच की कलई खुल गई है। साथ ही उन्होंने असम के मुख्यमंत्री के बयान का भी जिक्र करते हुए कहा कि वहां से भी इसी तरह की बातें सामने आई थीं।
फोटो - शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद
सड़क पर नमाज पढ़ने के मुद्दे पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि सड़क पर नमाज नहीं पढ़नी चाहिए। नमाज पवित्र स्थान पर पढ़ी जानी चाहिए, जबकि सड़क कोई पवित्र जगह नहीं होती। वहां लोगों का आना-जाना लगा रहता है और तमाम गतिविधियां होती रहती हैं, इसलिए धार्मिक अनुष्ठान पवित्र स्थानों पर ही होने चाहिए।
गौ आश्रम के निरीक्षण को लेकर उन्होंने प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह एक गौ आश्रम का निरीक्षण करना चाहते थे, लेकिन वहां ताला लगा दिया गया और उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। प्रशासन की ओर से कहा गया कि जिलाधिकारी की अनुमति के बाद ही प्रवेश मिलेगा। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने दावा किया कि वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बताया कि आश्रम के अंदर गायों की हालत बेहद खराब है और ऐसी स्थिति है जिसे दिखाया नहीं जा सकता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि चाहे सरकार के 12 साल पूरे हो जाएं या 25 साल, उनसे उम्मीद थी कि गौमाता की रक्षा होगी, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में गायों का बड़े पैमाने पर कटान और व्यापार हो रहा है तथा भारत दुनिया का सबसे बड़ा गौमांस निर्यातक बन गया है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य गौमाता के प्राण और प्रतिष्ठा की रक्षा करना है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा गोरखपुर से शुरू हुई है और प्रदेश के विभिन्न जिलों से होकर गुजर रही है।

