हमीरपुर ज़िले के सिसोलर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सिसोलर–सुमेरपुर मार्ग पर भैंसमरी मोड़ के पास हुआ, जहां अनियंत्रित डंपर बाइक पर चढ़ गया। इस हादसे में बाइक को देख कर अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि मां बेटे के ऊपर डंपर का टायर चढ़ गया होगा।
फोटो - मृतक मां और बेटा
फोटो - घटना स्थल पर दुर्घटनाग्रस्त बाइक
मृतकों की पहचान 55 वर्षीय मुन्नी और उनके 32 वर्षीय बेटे राजू के रूप में हुई है। दोनों बाइक से सुमेरपुर की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद डंपर चालक ने वाहन को मौके पर छोड़कर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक सिसोलर थाना क्षेत्र के बक्छा गांव के रहने वाले थे और कानपुर में रहकर मजदूरी करते थे। राजू पांच भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर का था और उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। परिवार के पास करीब पांच बीघा ज़मीन है, लेकिन रोज़ी-रोटी के लिए सभी कानपुर में मजदूरी करते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में शामिल बाइक और डंपर को सीज़ कर लिया गया है, जबकि चालक पुलिस हिरासत में है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच की जा रही है।

