हमीरपुर। जनपद के कुरारा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़वी में सोमवार को एक कुएँ से युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएँ से बाहर निकलवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पड़वी निवासी ओम नारायण निषाद पुत्र रामकेश ने थाना कुरारा पुलिस को सूचना दी कि उसके घर के पास स्थित कुएँ में एक शव दिखाई दे रहा है, जो उसकी बहन का हो सकता है। सूचना पर पुलिस फील्ड यूनिट टीम के साथ मौके पर पहुँची और ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया।
शव की पहचान परिजनों ने लगभग 21 वर्षीय युवती सरस्वती के रूप में की, जो ओम नारायण निषाद की बहन बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फोटो - मृतक युवती सरस्वती

