हमीरपुर कलेक्ट्रेट में बृहस्पतिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एंटीकरप्शन टीम ने घेराबंदी कर चकबंदी विभाग के एक पेशकर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पेशकर नक्शा सुधार के नाम पर रिटायर्ड आर्मी हवलदार से 25 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था।
फोटो - एंटीकरप्शन टीम
हमीरपुर जिले के कुपरा गांव में हरियाणा निवासी रिटायर्ड आर्मी हवलदार धर्मवीर सिंह ने सवा 13 बीघा जमीन खरीदी थी। इस जमीन के नक्शा सुधार का मामला चकबंदी विभाग में चल रहा था। धर्मवीर सिंह का आरोप है कि पिछले छह महीनों से उनसे डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी, जो बाद में घटाकर 25 हजार रुपये कर दी गई।
रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर उन्होंने एंटीकरप्शन टीम से शिकायत की। शिकायत के बाद बांदा से आई 20 सदस्यीय टीम ने कलेक्ट्रेट परिसर में जाल बिछाया और चकबंदी विभाग के पेशकर अल्ताफ अली को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
एंटीकरप्शन टीम के प्रभारी मृत्युंजय कुमार ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि शिकायत के आधार पर बृहस्पतिवार दोपहर कार्रवाई करते हुए लोकसेवक अल्ताफ अली को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ सदर कोतवाली में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

