हमीरपुर।
जनपद के थाना बिंवार क्षेत्र में बुधवार देर रात सड़क हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस उस समय चौंक गई जब घायल युवक के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले। युवक की अस्पताल में मौत हो गई। मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम छानी बुजुर्ग के पास किसी अज्ञात वाहन ने एक युवक को टक्कर मार दी है। सूचना पर थाना बिंवार पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छानी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों द्वारा जांच के दौरान मृतक के सीने के बाईं ओर गोली लगने की पुष्टि हुई। वहीं घटनास्थल से भी गोली चलने के साक्ष्य मिलने पर मामला सड़क हादसे से हत्या में बदल गया। मृतक की पहचान सचिन पुत्र शुभकरन सिंह (26) निवासी ग्राम पाटनपुर थाना बिंवार जनपद हमीरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।
फोटो - घटना स्थल पर मृतक की फोटो

