सड़क जाम कर थाने में हंगामा मामले में हमीरपुर पुलिस ने तीन नामजद किए गिरफ्तार, 35 अज्ञात के खिलाफ भी मुकदमा

हमीरपुर जिले के मुस्करा थाने में गुरुवार सुबह जमकर हंगामा और मारपीट हुई थी। सड़क हादसे में एक बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों ने पहले हाईवे जाम किया और फिर थाने में घुसकर पुलिसकर्मियों से मारपीट की थी। उन्होंने थाने में मौजूद एक अन्य आरोपियों को भी निशाना बनाया था। इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद सहित 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

IMG-20260515-WA0092

फोटो - हाईवे पर प्रदर्शन करते मृतक के परिजन

यह घटना 13 मई को जालौन से आई एक बारात से जुड़ी है। बारात में शामिल होने आए दूल्हे के 10 वर्षीय भांजे अनिकेत की जालौन वापस लौटते समय एक ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी। बच्चे की मौत से परिजन उत्तेजित हो गए और ट्रक चालक का पीछा करते हुए मुस्करा थाने पहुंच गए।

थाने में घुसकर परिजनों ने चालक को उनके हवाले करने की मांग की। चालक के न मिलने पर उन्होंने थाने में बैठे एक आरोपी से मारपीट की। हंगामे के दौरान वीडियो बना रहे एक युवक के सिर पर डंडा मारकर उसका मोबाइल तोड़ दिया गया। इसके अलावा, अपने कमरे में मौजूद हेड मुहर्रिर दिनेश कुमार को कॉलर पकड़कर खींचा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और हल्का बल प्रयोग कर मामले को शांत कराया। पुलिस ने इस संबंध में तीन अलग-अलग अभियोग पंजीकृत किए हैं। इनमें मार्ग अवरोध करने, थाना परिसर में अभद्रता करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप शामिल हैं।

पुलिस ने दीपक, विक्रम और विनोद तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इन तीनों मुकदमों में 35 अज्ञात लोगों को भी शामिल किया गया है। सड़क जाम करने का मुकदमा उपनिरीक्षक स्वदेश कुमार ने दर्ज कराया है, जबकि थाने में हंगामा और मारपीट का मुकदमा हेड मुहर्रिर दिनेश कुमार की तहरीर पर दर्ज किया गया है। एक तीसरा मुकदमा आशीष कुमार ने दर्ज कराया है, जिसके साथ मारपीट कर उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया गया था। पुलिस ने देर रात सोशल मीडिया सेल के माध्यम से यह जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!