हमीरपुर: कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा मौदहा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छिरका स्थित छिरका चौराहे के पास हुआ, जहां ट्रक और वैगनआर कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
पुलिस के अनुसार ट्रक संख्या यूपी 78 एचएन 8511 हमीरपुर से महोबा की ओर जा रहा था। वहीं वैगनआर कार संख्या यूपी 78 जेटी 6352 महोबा से हमीरपुर की तरफ आ रही थी। दोपहर करीब एक बजे छिरका चौराहे के पास दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सीएचसी मौदहा पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने नरेन्द्र कुमार (55) निवासी नवाबगंज कानपुर, मीना (54), राजकपूर (57) तथा कार चालक आयुष चौहान (25) निवासी लखनऊ को मृत घोषित कर दिया।
वहीं रेखा (52) पत्नी नरेन्द्र कुमार की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय हमीरपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
फोटो - क्षतिग्रस्त कार
फोटो - जांच करती पुलिस

