हमीरपुर में मोरम लदे दो डंपरों की भिड़ंत के बाद लगी आग, हेल्पर जिंदा जला ड्राइवर गंभीर घायल

हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के करीब ढाई बजे मोरम लदा तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे खड़े खराब डंपर में पीछे से टकराया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में पीछे से टक्कर मारने वाले डंपर के हेल्पर की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।

IMG-20260527-WA0164

फोटो - घटना स्थल पर खड़ा क्षतिग्रस्त ट्रक

घटना बिवांर थाना क्षेत्र के बंधुर रोड पर बिवांर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार जलालपुर थाना क्षेत्र के भेड़ी गांव से दोनों डंपर मोरम लादकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक डंपर खराब होकर सड़क किनारे खड़ा हो गया था। तभी पीछे से आ रहे दूसरे मोरम लदे डंपर ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही दोनों डंपरों में आग भड़क उठी। पीछे से टकराने वाला डंपर देखते ही देखते आग का गोला बन गया और पूरी तरह जलकर खाक हो गया। डंपर में फंसे हेल्पर को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

सूचना मिलते ही बिवांर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद सुबह तक आग पर काबू पाया जा सका। घायल ड्राइवर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

सीओ राज कुमार पाण्डेय ने बताया कि घायल ड्राइवर को छानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृत के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!