हमीरपुर, 30 सितम्बर।
कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में मंगलवार को जलशक्ति राज्य मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद की अध्यक्षता में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जयन्ती राजपूत और विधायक राठ मनीषा अनुरागी भी मौजूद रहीं।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को उर्वरक की उपलब्धता, सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय प्रगति, विद्युत आपूर्ति, सड़कें गड्डामुक्त करने, स्वास्थ्य व्यवस्था, गौशालाओं की स्थिति और मिशन शक्ति जैसे मुद्दों पर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय से खाद उपलब्ध हो, ट्यूबवेल व नहरों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और हर गांव को सड़क से जोड़ा जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने बाहर प्रैक्टिस करने वाले सरकारी डॉक्टरों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौवंश खुले में न घूमे और गौशालाओं में उचित रख-रखाव किया जाए। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से गांव-गांव जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।
इस मौके पर जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने जनपद की उपलब्धियों की जानकारी दी, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा ने कानून-व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया। बैठक में नगरपालिका चेयरमैन कुलदीप निषाद, सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, एडीएम वित्त एवं राजस्व विजय शंकर तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक एम.के. गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर समेत जिले के अधिकारी मौजूद रहे।

