हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में मायके में रह रही महिला की उसके पति ने गला दबाकर हत्या कर दी। घटना सोमवार शाम की है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
बांक गांव निवासी रामदास की बेटी अर्चना (25) की शादी वर्ष 2020 में जालौन जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र के छेवना गांव निवासी धर्मेंद्र से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, तीन साल पहले पुत्र के जन्म के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया था, जिसके चलते अर्चना मायके में रह रही थी। पति के खिलाफ भरण-पोषण (मेंटेनेंस) का मुकदमा भी चल रहा था।
सोमवार को परिजन खेतों में गए थे। इसी दौरान धर्मेंद्र घर पहुंचा और अर्चना को अकेला पाकर गला दबाकर हत्या कर दी। शाम करीब साढ़े पांच बजे परिजन घर लौटे तो घटना का खुलासा हुआ। भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस अर्चना को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। मृतका अपने पीछे तीन वर्षीय पुत्र रेहान को छोड़ गई है।
फोटो - मृतक अर्चना

