हमीरपुर: नहर किनारे विधवा महिला का संदिग्ध शव मिलने से हड़कंप, गला घोंटकर हत्या की आशंका

हमीरपुर सदर कोतवाली क्षेत्र के वरदहा गांव में सोमवार सुबह नहर के पास एक विधवा महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के गले पर निशान पाए गए हैं, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

WhatsApp Image 2025-12-15 at 1.37.02 PM

फोटो- घटना स्थल पर जांच करती पुलिस

WhatsApp Image 2025-12-15 at 1.37.02 PM (1)

मृतका की पहचान फूलन देवी निषाद के रूप में हुई है, जिनकी शादी करीब 16 वर्ष पूर्व वरदहा गांव में हुई थी। दो वर्ष पहले उनके पति की मौत हो चुकी थी। फूलन देवी दो बच्चों की मां थीं—एक 8 वर्षीय और दूसरा 15 वर्षीय पुत्र।

मृतका के पिता रामदास, निवासी सहजना गांव, ने बताया कि सोमवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी का शव नहर किनारे पड़ा है। मौके पर शव को खींचे जाने के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है।

सूचना पर कोतवाली नगर प्रभारी पवन पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं।

इस मामले में हमीरपुर की पुलिस अधीक्षक दीक्षा शर्मा ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। एक नामजद संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है।

पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया प्रचलित है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले में आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!