हमीरपुर जिले की मौदहा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क किनारे नाले में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान कम्हरिया गांव निवासी वहीदुद्दीन उर्फ उल्ली के रूप में की।
फोटो - मृतक वहीदुद्दीन
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई सईदुद्दीन ने हत्या कर शव नाले में फेंके जाने की आशंका जताई है।
बताया जा रहा है कि वहीदुद्दीन छत्तीसगढ़ के रायपुर में रहकर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था और मां की मौत के बाद घर आया हुआ था। मृतक की 53 वर्षीय मां वकीला का दो दिन पहले ही निधन हुआ था।
मृतक के भाई के अनुसार, वहीदुद्दीन शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर लोगों से झगड़ा करता था, लेकिन वह आत्महत्या नहीं कर सकता। उन्होंने बताया कि शव का आधा हिस्सा नाले के पानी से बाहर था, जिससे प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से मौत की संभावना कम प्रतीत होती है।
जानकारी के मुताबिक मृतक की एक शादीशुदा बहन और पांच भाई हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि नशे की हालत में पानी में डूबने से मौत प्रतीत हो रही है, फिलहाल कोई आरोप नहीं है, जांच की जा रही है जांच उपरांत उचित कार्यवाही की जाएगी।

