ललित शर्मा की रिपोर्ट -
फोटो - घटना स्थल पर जांच करती पुलिस
हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के गांव रीवन में सोमवार दोपहर खेतों में एक अधजले महिला के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की हालत इतनी भयावह थी कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके की बारीकी से जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के अनुसार, रीवन गांव से करहिया मार्ग पर स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति के नजदीक खेतों में मवेशी चरा रहे चरवाहों ने एक महिला का अधजला व अर्धनग्न शव देखा। देखते ही देखते यह खबर गांव में फैल गई और सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।मृतका की उम्र करीब 25 से 32 वर्ष आंकी गई है। उसके शरीर पर हरे रंग की साड़ी के जले हुए अंश पाए गए हैं। बाएं हाथ की हथेली के पीछे ‘ॐ’ चिन्ह अंकित है और कलाई पर हिंदी में ‘गायत्री’ लिखा हुआ है। दोनों हाथों में सुनहरी मोतीदार चूड़ियां तथा पैरों में पायल और बिछियां पहनी हुई हैं। क्षेत्राधिकारी विनीता पहल का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से महिला के चेहरे को जलाया और शव को खेत में फेंक दिया। पुलिस मृतका की पहचान और घटना के पीछे के कारणों की पड़ताल कर रही है। ने बताया कि घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में इस वारदात से दहशत और आक्रोश फैल गया है।

