हमीरपुर/ कानपुर
कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र स्थित नवेली पावर प्लांट में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वैगन डिंपलर में काम के दौरान सपोर्टर अचानक टूट गया। ऊपर से भारी सिलेंडर और लोहे का जैक गिरने से फतेहपुर जनपद के सुलतानगढ़ गांव निवासी मजदूर नंदकिशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद प्लांट परिसर में मौजूद अन्य मजदूर और कर्मचारी मदद को दौड़े और सभी को हमीरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने नंदकिशोर को मृत घोषित किया, जबकि तीनों घायलों का इलाज चल रहा है। सूचना के बाद पुलिस और प्लांट प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की।घायल मजदूर शिवचन्द्र ने बताया कि वे चारों लोग वैगन डिंपलर में मरम्मत का काम कर रहे थे, तभी अचानक सपोर्टर टूट गया और लोहे का जैक व सिलेंडर उनके ऊपर आ गिरा। “हम बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सके, सब कुछ कुछ ही सेकंड में हो गया,” शिवचन्द्र ने बताया।जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. ए.के. सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा, “नवेली पावर प्लांट से हादसे में एक मजदूर मृत अवस्था में लाया गया है, जबकि तीन घायल हैं जिनका उपचार किया जा रहा है।”

