हमीरपुर। घर के छज्जे में साफ सफाई करते समय छज्जा गिरने से एक युवक घायल हो गया तथा वहीं बैठी एक वृद्ध महिला के पैरों में गंभीर चोंट आने तथा अधिक रक्तस्राव होने से वृद्ध की मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने घायल तथा वृद्ध महिला को कस्बे के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया तथा वृद्ध महिला को अधिक चोटें होने के चलते मुख्यालय रेफर करने की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद महिला ने प्राण त्याग दिए।
हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के मांचा गांव की रहने वाली आमना बानो (70) पत्नी स्व उसमान खान अपने घर की छज्जी की साफ सफाई कराने के लिए गांव के ही दिव्यांग लड़के को छज्जी में चढ़ाए हुई थी। चूंकि छज्जी रेडीमेड थी तो वह सफाई के दौरान ढह गई और सफाई कर रहा दिव्यांग रफीक पुत्र कदीर छज्जी के साथ वृद्ध आमना के ऊपर गिर गया। इस आकस्मिक घटना से वृद्ध आमना के दोनों पैर बुरी तरह क्षत विक्षत हो गए थे। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को कस्बे के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार करने के बाद वृद्ध को जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। घटना में वृद्ध के दोनों पैरों में गंभीर घाव आए हुए थे जिससे रक्तस्राव अधिक होने से वृद्ध की मौत हो गई। इस संबंध में चिकित्साधिकारी डॉ शानिब शाहिद ने बताया कि महिला की उम्र तकरीबन 70 वर्ष से अधिक थी और उनके पैरों में कटाव के निशान थे जिससे अधिक रक्तस्राव होने से उनकी मौत हो गई।
उक्त वृद्ध महिला के एक पुत्र तथा तीन पुत्री हैं तथा सभी शादीशुदा हैं।

