हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में दस दिन पहले हुई महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर के दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
27 अक्टूबर को रीवन गांव के पास एक खेत में एक महिला का जला हुआ शव मिला था। चेहरा बुरी तरह जल जाने के कारण उसकी पहचान मुश्किल थी, लेकिन दाहिने हाथ की कलाई पर 'गायत्री' नाम लिखा होने से पुलिस को जांच में अहम सुराग मिला।
पुलिस जांच में पता चला कि मृतका गायत्री मध्यप्रदेश के चंदला थाना क्षेत्र की निवासी थी। उसके पति सुरेश प्रजापति ने गायत्री की गुमशुदगी दर्ज कराई थी और गायत्री के रिश्तेदार रामसुफल तथा उसके साथी सोनू यादव पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था।
आज मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नेशनल इंटर कॉलेज रोड पर दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी रामसुफल ने बताया कि वह शादीशुदा था, जबकि गायत्री उसके साथ और उसके दोस्त सोनू यादव के साथ भी रह रही थी। इस रिश्ते से परेशान होकर उसने सोनू के साथ मिलकर गायत्री को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। दोनों गायत्री को बाइक पर बैठाकर रीवन गांव के पास एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां पहले गला दबाकर उसकी हत्या की और फिर पहचान मिटाने के लिए चेहरा जला दिया।
सीओ राजेश कमल ने बताया कि दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। दोनों आरोपियों के पास से तमंचा बरामद हुआ है। घायलों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही कर जेल भेजा जाएगा। फिलहाल दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



