हमीरपुर ज़िले के कुरारा थाना क्षेत्र में आज सुबह सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह मामला झलोखर गांव के पास खिरवा रोड का है, जहां राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी।
फोटो - घटना स्थल पर जांच करती पुलिस
सूचना पर पहुंची कुरारा थाना पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की, साक्ष्य संकलित किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय जाकिर पुत्र स्वर्गीय शफीक के रूप में हुई है। जाकिर के भतीजे मुहम्मद शानू ने बताया कि मृतक की शादी 25 वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन पत्नी कुछ समय बाद उन्हें छोड़कर चली गई थी। चार भाइयों में अब जाकिर अकेले थे, बाकी तीन भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी थी।
जाकिर का कोई स्थायी घर नहीं था, वह इधर-उधर भटककर सब्ज़ी की दुकानों पर काम करके गुज़ारा करता था। परिजनों ने बताया कि वह नशे का आदी था और पिछले एक महीने से बाहर रह रहा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि शराब के नशे में खुले में सो जाने के कारण ठंड लगने से उसकी मौत हो गई।
सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

