हमीरपुर:महिला हत्या के आरोपी दरोगा की गिरफ्तारी से खाकी की साख कलंकित

पुलिस कर्मी ही बना हत्यारा, आरोपी दरोगा गिरफ्तार

हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली पुलिस ने चार दिन पूर्व सड़क किनारे मिली महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए जनपद महोबा में तैनात एक उपनिरीक्षक को घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल और स्विफ्ट डिजायर कार सहित गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उपनिरीक्षक ने मृतका से विवाद के बाद लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया था।पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के निर्देशन में पुलिस टीम ने रविवार को आरोपी उपनिरीक्षक अंकित कुमार यादव पुत्र रामकुमार यादव निवासी महमद मऊ थाना लालगंज, जनपद रायबरेली को कोतवाली नगर क्षेत्र के राठ तिराहा से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी वर्तमान में जनपद महोबा के क्षेत्राधिकारी सदर कार्यालय में तैनात था।13 नवम्बर को थाना मौदहा क्षेत्र के ग्राम रमना किशनपुर के पास बसवारी रोड किनारे खंदक में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। शिनाख्त और सोशल मीडिया प्रचार के बाद मृतका की पहचान किरन पुत्री राजबहादुर निवासी ग्राम मकरबई थाना कबरई जनपद महोबा के रूप में हुई। मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि किरन ने पति व ससुराल पक्ष के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था, जिसकी विवेचना आरोपी उपनिरीक्षक कर रहा था।घटना के खुलासे में लगे पुलिस दल ने बसवारी रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार की पहचान की। वाहन स्वामी देवेन्द्र कुमार से पूछताछ पर पता चला कि 12 नवम्बर की शाम आरोपी अंकित यादव कार लेकर किसी निमंत्रण में जाने की बात कहकर निकला था। जब पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने किरन की हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि रास्ते में किसी बात पर विवाद हुआ, इसी दौरान बसवारी रोड किनारे गाड़ी रोककर उसने लोहे की रॉड से किरन के सिर पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को सड़क किनारे खंदक में फेंककर वह गाड़ी लेकर भाग गया।पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार, लोहे की रॉड और वारदात के समय पहनी टी-शर्ट बरामद की है। विवेचना के आधार पर मुकदमे में अब धारा 238 बीएनएस तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(वी) की बढ़ोत्तरी की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार सिंह, एसआई अनिल कुमार सिंह, विनेश गौतम, अभिषेक त्रिपाठी तथा कांस्टेबल रंजीत कुमार, विजय प्रताप और विनीत कुमार शामिल रहे।

IMG-20251116-WA0271

फोटो - आरोपी दरोगा अंकित यादव के साथ पुलिस टीम

IMG-20251115-WA0383

फोटो - मृतक महिला के विवाह की तस्वीर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!