हमीरपुर ज़िले के कुरारा थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिसकर्मी को बंधक बनाकर की गई पिटाई के मामले में बुधवार को पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्यवाही में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया है।
यह मामला कुरारा क्षेत्र के उमराहट गांव का है। जानकारी के अनुसार, हरौलीपुर चौकी में तैनात सिपाही आशीष मौर्या गांव में दो पक्षों के विवाद को सुलझाने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया, हाथ–पैर बांधकर बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में सिपाही को कानपुर रेफर किया गया था, जहाँ उनकी स्थिति अभी भी नाज़ुक बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने 19 नामजद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि आरोपी मनकी रोड पर मौजूद हैं। पुलिस टीम जैसे ही पहुँची, हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में दो आरोपी—
राज किशोर निषाद (32)
महेंद्र निषाद (44)
के पैरों में गोली लगी।
पुलिस ने बताया कि दोनों के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। घायलों को पहले कुरारा सीएचसी और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सीओ सदर राजेश कमल के अनुसार, शेष फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

