हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक युवक ने अपनी लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे मुस्करा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल उसकी स्थिति नाज़ुक बताई जा रही है।
मामला राठ रोड का है। जानकारी के मुताबिक बेलाताल निवासी 35 वर्षीय अशोक राजपूत पिछले कई सालों से परिवार से अलग होकर मुस्करा कस्बे में रह रहा था। उसने कांति नाम की महिला से लव मैरिज की थी, जिसके बाद परिजनों ने उससे रिश्ता खत्म कर लिया था। अशोक ठेकेदारी का काम करता है, जबकि उसकी पत्नी कांति कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका है।
शुक्रवार शाम अचानक अशोक ने घर में ही लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली उसके जबड़े के आर-पार निकल गई। पत्नी कांति उसे तुरंत स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुँची, जहां से हालत नाज़ुक होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पत्नी कांति ने बताया कि अशोक पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में था। पूछने पर भी वह अपनी परेशानी के बारे में कुछ बताता नहीं था। तनाव के चलते ही उसने यह कदम उठाया होगा। दंपति का एक 5 साल का बेटा भी है।
उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर अशोक किस वजह से तनाव में था और उसने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया।

