हमीरपुर: सुमेरपुर में 22 वर्षीय युवक की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या, दो हिरासत में

हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। मृतक के पिता ने अपने पड़ोसी पिता-पुत्र पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

IMG-20260114-WA0542

फोटो - मृतक समित

घटना सुमेरपुर कस्बे के बाँकी रोड क्षेत्र की है। यहां सुमित नामक युवक अपने दोस्तों के साथ एक पार्टी में शामिल होने गया था। आरोप है कि पार्टी के दौरान उसके साथ जमकर मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में दो युवक उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता राज बहादुर यादव ने बताया कि उनका पड़ोसी उनसे रंजिश रखता था और पहले भी पड़ोसी पिता-पुत्र ने उनके बेटे के साथ मारपीट की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोसी कई दिनों से सुमित को पीटने की योजना बना रहे थे। पिता ने बताया कि रात करीब 8 बजे उन्होंने बेटे से फोन पर बात की थी, उसने जल्द घर आने की बात कही थी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत की सूचना मिल गई।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. शशांक गौराम ने बताया कि मृतक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें हैं। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि किसी कठोर वस्तु से उस पर हमला किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही सुमेरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक के साथ पार्टी में मौजूद साथियों ने वारदात को अंजाम दिया या फिर मृतक के पिता द्वारा लगाए गए आरोप सही हैं। हालांकि घटनास्थल से ट्रक का टायर खोलने वाला खून से सना लीवर बरामद किया गया है।

मृतक सुमित दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बहन की शादी आगामी 25 फरवरी को होनी है। बड़ा भाई अंकित परचून की दुकान में काम करता है। पिता यूनिलीवर कंपनी में मजदूरी करते हैं, जबकि मृतक स्वयं यूनिलीवर में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!