हमीरपुर।
मौदहा नगर पालिका परिषद में ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर पालिका में पंजीकृत कई ठेकेदारों ने चेयरमैन पर मनमानी करने और नियमों की अनदेखी कर अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी हमीरपुर को संबोधित उपजिलाधिकारी मौदहा कर्णवीर सिंह को शिकायती पत्र सौंपा है।
ठेकेदारों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से नगर पालिका परिषद मौदहा में नियमानुसार कार्य करते आ रहे हैं, लेकिन वर्तमान समय में उन्हें योजनाबद्ध तरीके से टेंडर प्रक्रिया से बाहर किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार यह पूरा मामला पारदर्शिता के विपरीत है और इससे नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।
जाम बना देरी की वजह
शिकायत पत्र में बताया गया है कि 20 जनवरी 2026 को नगर पालिका मौदहा में ऑनलाइन टेंडर के अंतर्गत लिफाफा जमा करने की अंतिम समय सीमा शाम 5 बजे निर्धारित थी। ठेकेदार समय से पहले हमीरपुर से मौदहा के लिए रवाना हुए, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर भीषण जाम लगने के कारण वे नगर पालिका कार्यालय 5 बजकर 12 मिनट पर पहुंच सके।
ठेकेदारों का कहना है कि उन्होंने मौके पर अधिकारियों को जाम की स्थिति से अवगत कराते हुए केवल 12 मिनट की देरी को मानवीय दृष्टिकोण से स्वीकार करने का अनुरोध किया, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई और टेंडर जमा नहीं होने दिया गया।
शिकायत के बाद भी नहीं मिली राहत
इसके बाद 21 जनवरी 2026 को ठेकेदारों ने प्रभारी अधिकारी नगर निकाय रिजवान शाहिद से मिलकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। आरोप है कि वहां से भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और उन्हें चेयरमैन से संपर्क करने की सलाह देकर मामला टाल दिया गया।
निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़ित ठेकेदारों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यदि इस तरह की मनमानी पर रोक नहीं लगी तो भविष्य में ईमानदार ठेकेदारों के लिए कार्य करना मुश्किल हो जाएगा।
फोटो - शिकायती पत्र
इस संबंध में मौदहा नगर पालिका अध्यक्ष रजा मोहम्मद से बात की गई तो उन्होंने बताया कि आरोप गलत है सभी लोगों को अन्य कार्य योजनाओं में काम मिले हैं, इस कामों की टेंडर की प्रक्रिया दोबारा की जाएगी, ये लोग अपनी दबंगई दिखाते हैं और दबंगई के चलते गलत दबाव बनाते हैं, निर्धारित दिनों में ये क्यों नहीं आए, इनसे पहले भी इनको काम मिला है लेकिन इसको दबंगई दिखाना है और कुछ नहीं।

