हमीरपुर में स्मार्ट मीटर लेकर महिलाओं ने किया विरोध प्रदर्शन, मीटर तहसील दिवास में मौजूद अधिकारियों के सामने पटका

हमीरपुर में स्मार्ट मीटर को लेकर कांशीराम कॉलोनी के लोगों का गुस्सा आज खुलकर सामने आया है। बड़ी संख्या में महिलाओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और तहसील दिवस में पहुंचकर अधिकारियों के सामने हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने अपने हांथ में स्मार्ट मीटर लेकर विरोध जताया और मीटर को अधिकारियों के सामने पटक दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह मामला हमीरपुर मुख्यालय के लक्ष्मीबाई तिराहा स्थित कांशीराम कॉलोनी का है। कॉलोनी की महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली की समस्या और बढ़ गई है। इसी नाराज़गी के चलते महिलाएं सड़क पर उतर आईं और प्रदर्शन करते हुए तहसील पहुंच गईं। वहां तहसील दिवस सभागार में पहुंचकर उन्होंने स्मार्ट मीटर हटाने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कई महिलाएं डंडे में स्मार्ट मीटर बांधकर लाई थीं और अधिकारियों के सामने उसे पटक दिया। दर्जनों महिलाओं के अचानक पहुंचे प्रदर्शन को देखकर अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

प्रदर्शनकारी महिला रजनी देवी का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद रिचार्ज करने पर एक दिन बिजली रहती है और दूसरे दिन कट जाती है, जिससे लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली कटने से बच्चों और परिवार को काफी दिक्कत होती है।

वहीं एक अन्य महिला सुनीता ने आरोप लगाया कि कॉलोनी में जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। उन्हें यह भी समझ नहीं आता कि बिजली कब खत्म हो जाती है और अचानक सप्लाई बंद हो जाती है, जिससे लोग परेशान हो रहे हैं।

इस मामले में विद्युत विभाग के एसडीओ ने बताया कि कॉलोनी के अधिकांश कनेक्शन वर्ष 2007-08 में हुए थे और तब से अब तक कई उपभोक्ताओं ने बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है। विभाग के अनुसार कई घरों पर तीन से चार लाख रुपये तक का पुराना बकाया है। उन्होंने बताया कि जब उपभोक्ता स्मार्ट मीटर में रिचार्ज करते हैं तो उसमें से लगभग 25 प्रतिशत राशि पुराने बकाये में समायोजित हो जाती है, जिससे बैलेंस जल्दी खत्म हो जाता है और बिजली कट जाती है। विभाग का कहना है कि बकाया जमा करने पर ही समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।

वहीं तहसील दिवस में मौजूद एसडीएम सदर अभिषेक कुमार ने बताया कि विद्युत विभाग के अधिकारियों को कॉलोनी में जाकर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह देखा जाएगा कि किस उपभोक्ता पर कितना बकाया है और कौन नियमित भुगतान कर रहा है, उसी के आधार पर समस्या का समाधान करते हुए बिजली आपूर्ति सुचारु कराई जाएगी।

वही मौदहा तहसील के समाधान दिवस पर सैकड़ों लोगों ने स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शिकायत दर्ज कराई और कहा कि अगर स्मार्ट मीटर नहीं हटाएं गए तो वह बिजली विभाग के कार्यालय में अनशन करने के लिए बाध्य होंगे।

IMG-20260418-WA0367

फोटो - मौदहा तहसील में स्मार्ट मीटर के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!