हमीरपुर। जनपद में रसोई गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 अप्रैल को मौदहा स्थित मधुपिया एचपी गैस सर्विस के वितरण केंद्र पर औचक निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान अधिकारियों को विभिन्न श्रेणियों के गैस सिलेंडरों के स्टॉक में भारी गड़बड़ी मिली। कुल 571 सिलेंडरों की अनियमितता सामने आई, जिससे वितरण प्रणाली में गंभीर लापरवाही और संभावित गड़बड़ी के संकेत मिले। इसके अलावा, केंद्र पर सुरक्षा मानकों का भी उल्लंघन पाया गया, जहां आवश्यक अग्निशमन उपकरण मौजूद नहीं थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने 25 अप्रैल को संबंधित गैस एजेंसी संचालक और जब्त वाहनों के चालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 एवं भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी गैस एजेंसियों को चेतावनी दी है कि वे नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमाखोरी, कालाबाजारी या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य गैस एजेंसियों में भी सतर्कता बढ़ गई है।
फोटो - जांच करते प्रशासनिक अधिकारी

